स्थायी डॉक्टरों का तबादला, नए डॉक्टर नहीं कर रहे ज्वाइन
सिहुंता, गैहरा और चूड़ी के पशु औषधालयों में नहीं स्थायी डॉक्टर
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। सिहुंता, गैहरा और चूड़ी के पशु औषधालयों में स्थायी डॉक्टर न होने से पशुपालकों को परेशानी हो रही है। जो डॉक्टर पहले तैनात थे, उनका तबादला हो गया और नए डॉक्टर अभी तक ज्वाइन करने नहीं पहुंचे हैं। इस कारण से इन केंद्रों में पशु इलाज की सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं।
इन औषधालयों में डेपूटेशन के आधार पर डॉक्टरों को भेज कर काम चलाया जा रहा है। इससे नियमित और समय पर इलाज सुनिश्चित नहीं हो पा रहा है। कई बार ग्रामीणों को अपने बीमार पशुओं के उपचार को लंबा इंतजार करना पड़ता है। ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकांश पशुपालक मवेशी पालन से ही परिवार का भरण पोषण करते हैं। डॉक्टरों की कमी के कारण उन्हें इलाज के लिए दूर तक जाना पड़ता है, जिससे समय और पैसे की बर्बादी होती है। यदि डॉक्टरों की कमी दूर नहीं हुई तो ग्रामीणों की आजीविका पर भी प्रतिकूल असर पड़ेगा।
इनसेट
इन पशु औषधालयों में स्थायी डॉक्टरों के ऑर्डर हुए है लेकिन अभी तक उन्होंने ज्वाइन नहीं किया है। उम्मीद है कि जल्द ही वे ज्वाइनिंग करेंगे। इससे पशुपालकों को लाभ मिल सके। -डॉ. राकेश भांगालिया, उपनिदेशक पशुपालन विभाग चंबा