चंबा। जिले में दो दिन पहले हुई भारी बारिश के बाद शुक्रवार को सात संपर्क मार्गों पर वाहनों की आवाजाही शुरू हुई। इसके चलते लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं, भटियात और चंबा क्षेत्र के करीब 55 गांवों में अभी भी अंधेरा पसरा हुआ है। 11 विद्युत ट्रांसफार्मर ठप चल रहे हैं। इसके चलते ग्रामीणों को काफी परेशानियाें का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, दूसरी तरफ विभागीय टीमें बारिश के कारण बिगड़ी व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए प्रयासरत हैं।
जानकारी के अनुसार 11 में से आठ ट्रांसफार्मर भटियात क्षेत्र में बाधित है, जबकि तीन ट्रांसफार्मर चंबा मंडल के तहत हैं। इसके अलावा बारिश के कारण बंद हुए 14 मार्गों में से सात बहाल कर दिए है, जबकि सात मार्गों को बहाल करने का कार्य चल रहा है। उम्मीद की जा रही है कि शनिवार तक यह मार्ग बहाल हो जाएंगे। उधर, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल का कहना है कि व्यवस्था पटरी पर आ रही है। इसके लिए विभागीय प्रयास जारी है।