चंबा के हरदासपुरा में बिना दो पहिया वाहन में बिना हेल्मेट सवार तीन लोग संवाद।
चंबा। शहर और आसपास के क्षेत्रों में बिना नंबर प्लेट और बिना हेलमेट के वाहन दौड़ने से यातायात व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। यातायात नियमों की अनदेखी से सड़क हादसों का खतरा बढ़ रहा है।
वहीं, बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के कारण आपराधिक घटनाओं की जांच में भी परेशानी हो सकती है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यातायात पुलिस इन वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है।
स्थानीय निवासी संजय शर्मा, अजय कुमार, महिंद्र सिंह, करन महाजन, अशोक कुमार, चैन लाल और गुरमीत सिंह ने बताया कि शहर में शाम ढलते ही बिना नंबर प्लेट वाले वाहन सड़कों पर दौड़ने लगते हैं।
इसके बावजूद ऐसे वाहन चालकों पर कार्रवाई नहीं होती। शहर से सटे क्षेत्रों में समस्या अधिक गंभीर है। कई दोपहिया वाहनों पर नंबर प्लेट नहीं होती, जबकि कुछ पर तीन-तीन लोग बिना हेलमेट सफर करते हैं। इससे हादसों का खतरा बना रहता है।
लोगों ने जिला प्रशासन और पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि बिना नंबर प्लेट और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने यातायात पुलिस को इस संबंध में निर्देश जारी करने की मांग भी उठाई है।
दोबारा शुरू होगा अभियान
पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि पुलिस पहले भी बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों को जब्त कर चुकी है। ऐसे वाहनों के खिलाफ दोबारा अभियान शुरू किया जाएगा।