डलहौजी (चंबा)। पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वाहन चलाने के मामले में एक कार को जब्त कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
20 जून को कार नंबर एचपी 54ए-5872 के मालिक ने 112 पुलिस हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवाई कि उनकी गाड़ी घर पर खड़ी है जबकि डलहौजी पुलिस ने उसी नंबर की गाड़ी का आइडल पार्किंग में चालान किया है। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई कि कोई व्यक्ति उसकी गाड़ी के नंबर का गलत इस्तेमाल कर रहा है। शिकायत मिलने पर डीएसपी मयंक शर्मा ने यातायात पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए कि उक्त नंबर की गाड़ी कहीं भी दिखाई देने पर उसे रोककर जांच की जाए। बस अड्डा डलहौजी में ड्यूटी पर तैनात आरक्षी विनोद कुमार ने संदिग्ध वाहन को रोक लिया। चालक ने अपना नाम निजय कुमार निवासी गांव लक्कड़मंडी बताया। पुलिस ने दस्तावेज मांगे तो चालक कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में पता चला कि वाहन का वास्तविक पंजीकरण नंबर डीएल 5सीएच-4569 है जबकि उस पर एचपी54ए-5872 की नंबर प्लेट लगाई गई थी। वाहन पर लगी नंबर प्लेट फर्जी पाई गई।
पुलिस ने चालक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 181, 196, 192 और 177 के तहत चालान किया। वाहन को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत जब्त कर थाना में खड़ा कर दिया है। उधर, एसपी विजय सकलानी ने कहा कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। फर्जी नंबर प्लेट लगाने के कारणों और संभावित अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।