तेलका (चंबा)। राजकीय महाविद्यालय तेलका में प्राचार्य, अर्थशास्त्र, इतिहास और अंग्रेजी प्राध्यापकों के पद खाली पड़े हुए हैं। इससे 111 विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। कॉलेज से प्रति वर्ष प्राध्यापकों के पद खाली हो रहे हैं जबकि यहां किसी नए शिक्षक की नियुक्ति नहीं हो रही है। परिणामस्वरूप महाविद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अभिभावकों नोरंग, राम सिंह, रमेश कुमार, सुरेश कुमार, प्यार सिंह आदि ने बताया कि तेलका कॉलेज में ग्राम पंचायत भजोतरा, बाड़का, करवाल, सेरी, सालवां, मोड़ा, खरल और लिग्गा से मीलों सफर तय कर विद्यार्थी पढ़ाई करने के लिए पहुंचते हैं। कहा कि अब अंग्रेजी विषय के प्राध्यापक का का तबादला हो जाने से यहां पर तीन प्राध्यापक ही शेष बचे हैं। अभिभावकों का कहना है कि विद्यार्थियों के भविष्य को देखते हुए कॉलेज में जल्द प्राध्यापकों की नियुक्ति की जाए।
महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य केवल कृष्ण ने बताया कि महाविद्यालय में रिक्त चल रहे प्राध्यापकों के पदों की सूची बनाकर उच्चाधिकारियों के माध्यम से सरकार को भेज दी गई है।