डलहौजी से प्रतिनियुक्ति पर भेजा जा रहा रेडियोग्राफर, अन्य दिन परेशान हो रहे मरीज
लोग बोले- सीएचसी में रेडियोग्राफर की स्थायी नियुक्ति करने में गंभीर नहीं सरकार
एक दर्जन पंचायतों के लोग झेल रहे परेशानी, अभी नहीं हो पाया समस्या का समाधान
संवाद न्यूज एजेंसी
बनीखेत (चंबा)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाथरी में सप्ताह में एक दिन अल्ट्रासाउंड करवाने की सुविधा मिल रही है। अन्य दिन मरीज या तो निजी अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड करवा रहे हैं या हफ्ते के उस दिन का इंतजार करते हैं जब रेडियोग्राफर बाथरी में आता है।
नागरिक अस्पताल डलहौजी में तैनात रेडियोग्राफर को प्रतिनियुक्ति पर बाथरी भेजा जाता है। एक दर्जन पंचायतों के केंद्र बिंदु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सरकार रेडियोग्राफर की स्थायी नियुक्ति करने में गंभीरता नहीं दिखा रही है। इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
लोगों में आशीष कुमार, बलदेव सिंह, हंसराज, केवल, नरेंद्र, सूरज, ध्यान सिंह, सोभिया राम और अरविंद ने बताया कि जिला शिकायत निवारण समिति की बैठक में भी इस मुद्दे को उठाया जा चुका है लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। गर्भवतियों को अल्ट्रासाउंड की सबसे ज्यादा जरूरत पड़ती है। प्रसव से पूर्व डॉक्टर के परामर्श पर गर्भवतियों को समय-समय पर यह टेस्ट करवाना पड़ता है। इसमें यह पता चलता है कि गर्भ में पल रहा बच्चा सही से विकसित हो रहा है या नहीं। इसलिए यहां मरीजों की सुविधा के लिए यह टेस्ट नियमित रूप से होना काफी जरूरी है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम सिंह भारद्वाज ने बताया कि सरकार से रेडियोग्राफर की मांग की गई है। फिलहाल, डेपुटेशन पर रेडियोग्राफर भेजकर मरीजों को राहत प्रदान की जा रही है।