चंबा। चंबा पुलिस ने गुरदासपुर के दो युवकों को चिट्टा के साथ पकड़ा है। इस दौरान युवकों से पुलिस को नकदी भी बरामद हुई है। जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं, दोनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
चंबा पुलिस की विशेष अन्वेष इकाई टीम को यह सफलता नए बस अड्डे पर गश्त के दौरान मिली। पुलिस से जानकारी के अनुसार एसआईयू की टीम न्यू बस स्टैंड चंबा में गश्त पर थी। गश्त के दौरान न्यू बस अड्डा चंबा की दूसरी मंजिल पर नजर पड़ी तो वहां दो युवक बैठे हुए थे।
पुलिस दल वहां पहुंचा तो वहां बैठे दोनों युवक घबरा गए। पुलिस ने उनके हाव भाव भांपते हुए उनके पूछताछ की तो शंका हुई। पुलिस ने शक के आधार पर युवकों के पास मौजूद बैग की तलाशी ली तो उनसे चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया। पूछताछ करने पर एक की पहचान विकास निवासी मोहल्ला कादियां, जिला गुरदासपुर और दूसरे की पहचान कृष्ण कुमार निवासी थींड, जिला गुरदासपुर के रूप में हुई। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।