चंबा। पोर्टेबल एक्सरे मशीन के जरिये जिला चंबा में दो टीबी रोगियों की पहचान हुई है। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से टीबी के मरीजों का पता लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया है। यह अभियान 100 दिन तक चलेगा। इस अभियान के तहत पोर्टेबल एक्सरे मशीन के जरिए 60 वर्ष से अधिक आयु वाले सभी लोगों की स्क्रीनिंग करके टीबी के लक्षणों की जांच की जा रही है।
इसके अलावा गैर संचारी रोगों से पीड़ित लोगों की भी स्क्रीनिंग की जा रही है। ताकि जिले में उन सभी टीबी रोगियों का पता लगाया जा सके, जो कि अभी तक विभाग के पास पंजीकृत नहीं हैं। इस अभियान के तहत जिले में अभी तक 500 लोगों की स्क्रीनिंग पोर्टेबल एक्सरे के जरिए की गई है। इसमें स्वास्थ्य खंड पुखरी के अंतर्गत आने वाले दो लोग टीबी ग्रसित निकले हैं। इससे जिले में टीबी रोगियों की संख्या में वृद्धि हुई है। आगामी दिनों में इस अभियान के तहत कई अन्य लोग भी टीबी से ग्रसित निकल सकते हैं।
500 लोगों की स्क्रीनिंग के दौरान दो लोग टीबी से ग्रसित मिले हैं। जिनके इलाज को लेकर उन्हें दवाई उपलब्ध करवा दी गई है।
डॉ. बिपन ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, चंबा