पांगी (चंबा)। सेचू नाला में जिप्सी दुर्घटना में लापता हुए दो लोगों की तलाश में पुलिस ने अपने सर्च अभियान को चौथे दिन भी जारी रखा। रविवार को पुलिस और स्थानीय लोगों ने चंद्रभागा नदी के तटों पर उनकी तलाश की लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग पाया। पुलिस की टीमें दिनभर उनकी तलाश जुटी रहीं। पुलिस और स्थानीय लोग सेचू नाले के तटों को खंगाल चुके हैं।
घटना के समय जिप्सी में तीन लोग सवार थे जिनमें से एक व्यक्ति का शव बरामद हो गया था लेकिन दो लोग लापता हो गए थे। इनकी तलाश के लिए पुलिस रोजाना सर्च अभियान चला रही है। परिजन उनकी तलाश को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग से गुहार लगा रहे हैं। किलाड़ थाना के प्रभारी अशोक राणा ने बताया कि लापता लोगों को तलाश करने के लिए पुलिस ने रविवार को चंद्रभागा नदी के तट पर सर्च अभियान चलाया लेकिन उन्हें अभी तक इसमें कामयाबी नहीं मिल पाई। पुलिस लापता लोगों को तलाश करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।