चुवाड़ी/तुन्नूहट्टी। चंबा-पठानकोट एनएच पर केरू पहाड़ के पास पुलिस ने कार में सवार अमृतसर के दो लोगों को 7.44 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा है। शुक्रवार रात को चुवाड़ी थाने की पुलिस टीम नेे नाका लगाकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार देर रात को नाके पर जब पंजाब के नंबर की कार पहुंची तो पुलिस ने उसे चेकिंग के लिए रोका। कार में गुरदीप सिंह और सुरेेश कुमार निवासी अमृतसर सवार थे। जब इन लोगों से देर रात को सफर करने का कारण पूछा गया तो दोनों हड़बड़ाहट में जवाब देने लगे। इससे पुलिस को उन पर शक हो गया। इसी आधार पर जब उनसे पूछताछ की गई तो उनसे 7.44 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। डलहौजी के पुलिस उप अधीक्षक विशाल वर्मा ने बताया कि पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।