राजस्व विभाग ने प्रभावितों को 5-5 हजार रुपये की दी फौरी राहत
सदर के विधायक ने प्रभावितों का जाना हाल, मदद का दिया आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
साहो (चंबा)। घघरोथा पंचायत के सलेहन गांव में अग्निकांड की चपेट में आने से भारी नुकसान झेलने वाले दो परिवारों ने शनिवार की रात पड़ोसियों के घरों में शरण लेकर बिताई। आग लगने की घटना में प्रभावित प्यार सिंह ओर संजू के परिवारों से सिर छत छिन गई है। साथ ही घरों में रखा सारा सामान नष्ट हो गया। इससे उनके सामने रहने और दैनिक जरूरतों की समस्या खड़ी हो गई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए प्रभावित परिवारों को अपने घरों में ठहरने की व्यवस्था की।
सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का प्रारंभिक आकलन किया। प्रशासन की ओर से प्रभावित दोनों परिवारों को तत्काल सहायता प्रदान करते हुए 5-5 हजार रुपये की फौरी राहत राशि वितरित की गई है।
एसडीएम प्रियांशु खाती ने बताया कि प्रभावित दो परिवार अपने पड़ोसियों के घरों में रह रहे हैं। नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है। इसके आधार पर नियमानुसार अतिरिक्त राहत उपलब्ध करवाई जाएगी।
सदर के विधायक नीरज नैय्यर ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में प्रशासन और सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत उपलब्ध करवाने और आवश्यक सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।