भरमौर-पठानकोट मार्ग पर कांदू के पास खाई में गिरा हाइड्रा।
- फोटो : Chamba
चंबा/बनीखेत। भरमौर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर कांदु के समीप एक टिपर और हाईड्रा वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों गाड़ियों के गहरी खाई में गिरने से चालकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान टिपर चालक अवतार सिंह पुत्र अर्जुन गांव द्रम्मण जिला कांगड़ा और हाइड्रा चालक तिलक राज पुत्र अच्छर सिंह निवासी सालवां (सलूणी) के रूप में हुई है।
हादसा मंगलवार को सायं साढ़े चार बजे के करीब हुआ। वाहनों को सड़क से नीचे गिरता देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और इसके बारे में पुलिस को भी सूचित किया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों चालकों को खाई से बाहर निकाल कर मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। पुलिस ने टिपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार भरमौर-पठानकोट मार्ग पर कांदू के पास टिपर और हाइड्रा के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद हाइड्रा 150 मीटर नीचे खाई में लुढ़क गया। खाई में हाइड्रा के लुढ़कने से चालक का शव छिटक कर खड्ड किनारे जा गिरा। वहीं, टिपर सड़क से 50 मीटर की दूरी पर पहुंचने के बाद चीड़ के पेड़ों के बीच फंस गया। टिपर चालक की भी दुर्घटना में मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक अरुल कुमार ने बताया कि कांदू के पास टिपर और हाइड्रा के दुर्घटनाग्रस्त होने से दो चालकों की मौत हुई है। मेडिकल कॉलेज चंबा में पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।