चंबा। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा में प्रदेश सरकार ने दो नए नेत्र विशेषज्ञों की तैनाती कर दी है। पिछले डेढ़ सालों से मेडिकल कॉलेज का नेत्र विभाग एक विशेषज्ञ के सहारे चल रहा था।
एक विशेषज्ञ मरीजों की जांच करने के साथ ऑपरेशन थियेटर में आंखों के ऑपरेशन भी कर रहे थे। इसके साथ ही ओपीडी, वार्ड राउंड के साथ मरीजों के ऑपरेशन करने में परेशानी आ रही थी। कुछ दिन पहले ही सरकार ने चंबा मेडिकल कॉलेज में दो नए नेत्र विशेषज्ञों की तैनाती की है।
अब जिले के छह लाख लोगों की आबादी को नेत्र रोग संबंधित बेहतर सेवाएं मिलेंगी। नए विशेषज्ञों के रूप में डॉ. विनोद धीमान और डॉ. शैलेंद्र मिन्हास ने मेडिकल कॉलेज में ज्वाइन किया है। नेत्र ओपीडी में रोजाना 200 से 300 मरीजों की जांच होती है। ऐसे में अब मरीजों को जांच के लिए ओपीडी के बाहर ज्यादा देर तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
दो विशेषज्ञ ओपीडी में नियमित रूप से सेवाएं देंगे। पहले से सेवाएं दे रहे नेत्र विशेषज्ञ डॉ. आदित्य कश्यप को दो अन्य डॉक्टरों की तैनाती के बाद कुछ हद तक राहत मिली है। मेडिकल कॉलेज प्राचार्य पुरुषोत्तम पुरी ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में दो नए नेत्र विशेषज्ञों की नियुक्ति हुई है।
उन्होंने ज्वाइन कर लिया है। नेत्र विशेषज्ञ के अलावा भी मेडिकल कॉलेज में अन्य डॉक्टरों की तैनाती हुई है। इससे अस्पताल में मरीजों को मिलने वाली सेवाओं में सुधार हुआ है।