भरमौर से हरदासपुरा तक ढाई घंटे लगा रहा जाम
चंबा। अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले की शोभायात्रा के दौरान डेढ़ किलोमीटर तक वाहनों का लंबा जाम लगा रहा। सायं छह बजे से लेकर आठ बजे तक भरमौर जीरो प्वाइंट से लेकर हरदासपुरा तक वाहनों का लंबा जाम लगा रहा। वाहनों का जाम खुलवाने के लिए कोई पुलिस जवान नजर नहीं आया। ऐसे में वाहन चालक अव्यवस्था को लेकर शासन-प्रशासन को खूब कौसते नजर आए।
खैर, सायं आठ बजे के बाद ही वाहनों के लंबे जाम से चालकों को राहत मिल पाई। जाम खुलने पर ही चालक अपने गंत्वयों की ओर रवाना हुए। गौर रहे कि आठ दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले के तहत रविवार को शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। अखंड चंडी पैलेस से निकली शोभायात्रा से लेकर मिंजर विसर्जन के बाद मुख्यमंत्री के वापस परिधि गृह चंबा पहुंचने तक भरमौर चौक, शीतला ब्रिज से आगे वाहनों की आवाजाही पर पूर्णत: रोक लगी रही।
इतना ही नहीं, शहर के विभिन्न मोहल्लों में भी वाहनों की आवाजाही बंद रखी गई। इस दौरान हरदासपुरा चौक तक लगे लंबे जाम में सैंकड़ों छोटे और बड़े वाहन कतार में फंसे नजर आएं। जाम में फंसे लोग पुलिस जवानों को मुख्यमंत्री की आवभगत में लगे होने की बात कह कर उन्हें जाम से निजात न दिलवाने के लिए कोसते नजर आएं। खैर, आठ बजे के बाद ही वाहनों का लंबा जाम यातायात के लिए बहाल हो पाया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।