होली (चंबा)। खराब मौसम के कारण मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू रविवार को होली में भारी बारिश और बादल फटने से हुए नुकसान का जायजा लेने नहीं पहुंच पाए। मुख्यमंत्री के न पहुंचने के कारण सुख की सरकार का प्रशासनिक अमला भी होली नहीं पहुंच पाया। मौसम खराब होने के कारण शिमला से होली के लिए उड़े सीएम के हेलिकॉप्टर को कांगड़ा के गगल एयरपोर्ट में ही लैंड करवाना पड़ा। इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर बाद सड़क से चंबा पहुंचे।
उधर, सुबह से मुख्यमंत्री के इंतजार में बैठे होली क्षेत्र के प्रभावितों ने सीएम के न पहुंचने पर स्थानीय विधायक जनकराज के साथ ही अपना दर्द साझा किया। इस पर विधायक ने जल्द उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया। बता दें कि पूर्व में तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री मिंजर मेले में शिरकत करने से पहले होली क्षेत्र का दौरा करने वाले थे।
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुबह 9ः00 बजे ही लोग होली हैलीपेड में पहुंचना शुरू हो गए थे। स्थानीय कांग्रेसी नेता भी मौके पर मौजूद रहे। मगर दोपहर करीब 12ः30 बजे सूचना मिली कि मुख्यमंत्री होली नहीं आ रहे हैं। इससे प्रभावितों में निराशा छा गई। बता दें कि होली क्षेत्र की ग्राम पंचायत ग्रौंडा, बजोली, दयोल, कुलेठ, कुठेड़ और होली में भारी बारिश के कारण काफी नुकसान हुआ है। बाढ़ से लोगों के घरों में दरारें आ गई हैं। खड़ामुख-होली-न्याग्रां मार्ग भी रावी की लहरों से क्षतिग्रस्त हो गया है।
उधर, भरमौर विधायक डॉ. जनकराज ने कहा कि लोगों को हुए नुकसान के बारे में जानकारी जुटाई गई है। स्थानीय प्रशासन और सरकार को इस बारे में अवगत करवाया जाएगा, ताकि समय रहते प्रभावित लोगों को राहत मिल सके।
पंचायत प्रतिनिधि बोले-जल्द उचित कदम उठाए सरकार
होली पंचायत प्रधान पूजा देवी, ग्रौंदा पंचायत की प्रधान सीमा देवी, बजोल पंचायत प्रधान मंगला देवी, कुठेड़ पंचायत प्रधान सिरमौरी राम सहित पूर्व प्रधान शंकर दास का कहना है कि बारिश से क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ है। रावी का जलस्तर बढ़ने से विभिन्न गांवों में दरारें आई है। उन्होंने आग्रह किया है कि सरकार जल्द से जल्द उचित कदम उठाएं।