चंबा। एक क्विंटल भुक्की के साथ जम्मू-कश्मीर के रामबन में पकड़े जाने के बाद फरार हुए दो आरोपियों को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने चंबा पुलिस के सहयोग से पकड़ लिया। शनिवार को जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीम आरोपियों को पकड़ने के लिए चंबा पहुंची। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने चंबा थाना में जाकर थाना प्रभारी को सारी कहानी बताई और उनसे आरोपियों को पकड़वाने की मदद मांगी। एसएचओ ने चंबा थाना से एक टीम गठित करके जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ आरोपियों के ठिकाने पर भेजी। पुलिस ने आठ घंटों के भीतर भागे हुए दोनों आरोपियों को पल्यूर से पकड़ लिया। आरोपियों को पकड़ने के बाद चंबा पुलिस ने उन्हें जम्मू-कश्मीर पुलिस के हवाले कर दिया। जम्मू-कश्मीर पुलिस दोनों आरोपियों को लेकर रामबन थाना की तरफ रवाना हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चंबा जिला के पल्यूर के रहने वाले अमीन व रुस्तम कुछ दिन पहले जम्मू-कश्मीर के रामबन में ट्रक में भुक्की की एक क्विंटल खेप के साथ पकड़े गए थे। दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए थे। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने चंबा पुलिस की मदद इन आरोपियों को काबू किया। चंबा थाना के प्रभारी शकीनी कपूर ने बताया कि जम्मू-कश्मीर से भागे दो आरोपियों को चंबा पुलिस ने आठ घंटों के भीतर पकड़कर कश्मीर पुलिस के हवाले कर दिया है।