किलाड़-कुमार मार्ग पर प्रघवाल नामक स्थान पर बस को पास देते समय हुआ हादसा
चालक और क्लीनर घायल, स्थानीय लोगों ने पहुंचाए किलाड़ अस्पताल
संवाद न्यूज एजेंसी
पांगी (चंबा)। किलाड़-कुमार मार्ग पर प्रघवाल नामक स्थान पर बुधवार दोपहर बाद गेहूं से भरा एक ट्रक बस को पास देते समय डंगा धंसने से लुढ़ककर करीब 50 मीटर नीचे दूसरी सड़क पर जा पहुंचा। हादसे में घायल चालक और क्लीनर को स्थानीय लोगों की मदद से नागरिक अस्पताल किलाड़ पहुंचाया गया।
यह हादसा बुधवार दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे हुआ। ट्रक करीब 12 टन गेहूं लेकर चंबा से किलाड़ की ओर जा रहा था। प्रघवाल के समीप किलाड़ से कुमार की ओर आ रही एक बस को पास देते समय यह हादसा हुआ।
हादसे में चालक खेमराज और क्लीनर दिनेश कुमार को चोटें आईं। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दोनों घायलों को ट्रक से निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए किलाड़-कुमार मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग की मदद से यातायात को सुचारु किया गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण सड़क के किनारे का डंगा धंसना माना जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, स्थानीय लोगों ने पहाड़ी क्षेत्रों की सड़कों के कमजोर किनारों की समय-समय पर मरम्मत कराने की मांग की है। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि ट्रक चालक और क्लीनर को चोटें आई हैं। इनका उपचार किलाड़ अस्पताल में चल रहा है।