संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। नकरोड़-टिकरीगढ़ मार्ग पर कुड्डी के पास ट्रक दुर्घटनाग्रस्त होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि ट्रक चालक को हादसे में गंभीर चोटें आई हैं। हादसा मंगलवार दोपहर एक बजे के करीब हुआ।
हादसा उस समय हुआ जब ट्रक नकरोड़ से टिकरीगढ़ की तरफ जा रहा था। इसी दौरान कुड्डी के पास अचानक चालक का ट्रक से नियंत्रण बिगड़ गया। इस कारण ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से 200 मीटर नीचे खाई में गिर गया। हादसे में ट्रक में सवार कंडक्टर की मौत हो गई है। जबकि चालक का सिविल अस्पताल तीसा में उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार नकरोड़- टिकरीगढ़ मार्ग पर कुड्डी के पास मंगलवार दोपहर एक ट्रक 200 मीटर गहरी खाई में गिर गया। खाई में गिरने से ट्रक बुरी तरह से तहस-नहस हो गया। वाहन को गिरता देख ग्रामीण मौके पर पहुंचें। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस और एंबुलेंस को भी सूचित किया। मौके पर पहुंचें ग्रामीणों ने ट्रक के भीतर से घायलों को निकालना शुरू किया।
इस दौरान पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों ने पुलिस की मदद से घायलों को तीसा अस्पताल पहुंचाया। यहां पर चिकित्सीय टीम ने ट्रक के परिचालक पम्मी पुत्र घिंद्रो निवासी लग्गा डाकघर कीड़ी को मृत करार दे दिया। जबकि, हादसे में बुरी तरह से घायल ट्रक चालक धर्म सिंह पुत्र भगत राम गांव खग्गा डाकघर कीड़ी को प्राथमिक उपचार के बाद दाखिल कर लिया गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही ट्रक हादसे के कारणों का खुलासा हो पाएगा। वहीं, तहसीलदार तीसा ने मौके पर पहुंच मृतक के परिजनों को दस हजार और घायल को पांच हजार फौरी राहत प्रदान की। पुलिस अधीक्षक अरुल कुमार ने इसकी पुष्टि की है। पुलिस इस मामले में छानबीन कर रही है।