चंबा। न्यू बस स्टैंड-परेल मार्ग पर बालू के समीप हाईवे की हालत काफी खस्ता है। इसके चलते वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। चालकों का कहना है कि यहां काफी गहरे गड्ढे पड़े हैं।
हालांकि, इसके बारे में एनएच प्राधिकरण से भी तारकोल बिछाने की गुहार लगाई गई है लेकिन अभी तक कोई सकारात्मक पहल नहीं हो पाई है। इसको चालकों में रोष है। वाहन चालकों अमित कुमार, राजेश कुमार, बबलू सिंह, छोटू राम और योगेश सिंह का कहना है कि करीब एक माह पहले बालू से आगे तारकोल बिछाई गई थी लेकिन जहां सड़क खस्ताहाल है, वहां तारकोल बिछाने की जहमत नहीं उठाई गई।
उन्होंने बताया कि बारिश के दौरान इन गहरे गड्ढों में पानी भर जाता है। इससे खासकर दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी होती है। उन्होंने एनएच प्राधिकरण से मांग की है कि जल्द मार्ग पर तारकोल बिछाई जाए। एनएच प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता राजीव कुमार का कहना है कि यह मामला ध्यान में है। जल्द तारकोल बिछाई जाएगी।