बनीखेत (चंबा)। कोरोना कर्फ्यू में ढील के दौरान निर्देशों की अवहेलना करना डिपो संचालक को भारी पड़ गया। एसडीएम डलहौजी ने डिपो को 24 घंटे के लिए सील कर दिया है। साथ ही डिपो संचालक को कड़ी हिदायत दी है। उसे निर्देश दिए गए हैं कि अगर डिपो संचालक दोबारा नियमों की अवहेलना करता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम की इस कार्रवाई से बाजार में हड़कंप मचा रहा।
जानकारी के मुताबिक कोरोना कर्फ्यू में ढील के दौरान एसडीएम जगन ठाकुर ने डिपो का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बनीखेत स्थित डिपो में जहां राशन लेने पहुंचे उपभोक्ता दो गज की दूरी नियम की पालना नहीं कर रहे थे तो वहीं, धारा 144 को भी दरकिनार किया जा रहा था। बहरहाल, एसडीएम ने तुरंत डिपो संचालक को कड़ी हिदायत दी है। इसके साथ ही डिपो को 24 घंटे के लिए सील कर दिया है।
गौरतलब है कि जिले में कोरोना महामारी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसे में प्रशासन ने कोरोना की रोकथाम के लिए नियम सख्त कर दिए हैं लेकिन, लोग अभी भी नियमों को दरकिनार कर रहे हैं। एसडीएम जगन ठाकुर ने बताया कि डिपो में कोरोना नियमों की अवहेलना की जा रही थी। इसके चलते डिपो को 24 घंटे के लिए सील कर दिया गया है। उन्होंने दुकानदारों को निर्देश दिए हैं कि वे कोरोना नियमों की अनुपालना सुनिश्चित बनाएं।