चंबा के भमौर एनएच पर निरीक्षण के दौरान एनएचएआई की टीम।स्रोत विभाग
शिमला से आई एनएचएआई की टीम ने किया नेशनल हाईवे का निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। भरमौर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफर को सुरक्षित बनाने की दिशा में एनएचएआई ने कवायद तेज कर दी है। एनएचएआई शिमला से क्षेत्रीय अधिकारी (आरओ) कर्नल अजय बरगोटी के नेतृत्व में विभागीय अधिकारियों की टीम चंबा पहुंची और हाईवे का निरीक्षण किया।
टीम ने भरमौर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर संवेदनशील और अति संवेदनशील स्थलों का जायजा लिया। भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, पहाड़ी कटाव, सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्यों को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली।
निरीक्षण दल में एनएचएआई के क्षेत्रीय अधिकारी कर्नल अजय बरगोटी के अलावा परियोजना निदेशक (पीडी) राहुल पुरी और डिप्टी मैनेजर यशबंत बहल, समेत एनएचएआई के सहायक अभियंता साहिल, परीक्षित और वरुण भी शामिल रहे। अधिकारियों ने संबंधित अभियंताओं के साथ विभिन्न स्थानों का दौरा कर सड़क की मौजूदा स्थिति का आकलन किया और आवश्यक तकनीकी उपायों पर चर्चा की।
बताया जा रहा है कि निरीक्षण के आधार पर संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा उपायों को मजबूत करने, भूस्खलन रोकने के लिए स्थायी कार्य करने तथा सड़क को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी। बरसात के मौसम में इस राजमार्ग पर भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आती रहती हैं जिससे यातायात प्रभावित होता है। एनएचएआई के इस निरीक्षण से उम्मीद जताई जा रही है कि आगामी समय में भरमौर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित, सुगम और निर्बाध होगी, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी राहत मिलेगी।