स्कूली विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने लिया यह फैसला
शाम छह से सुबह आठ बजे तक बाजार में होगी सामान की लोडिंग व अनलोडिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
भरमौर (चंबा)। भरमौर बाजार में स्कूल खुलने और छुट्टी के समय यातायात बंद रहेगा। प्रशासन ने यह फैसला स्कूली विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया है।
अकसर देखने में आ रहा था कि सुबह और शाम के समय ट्रैफिक अधिक होने से विद्यार्थियों को आवाजाही करना मुश्किल हो जाता है। इस दौरान उन्हें चोट लगने की संभावना भी बनी रहती है। इसी बात को ध्यान में रखकर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विकास शर्मा ने आदेश जारी किए हैं कि अब बाजार में सुबह और शाम के समय तय समयअवधि में यातायात बाधित रहेगा। सुबह 8:30 से 10 बजे तक कोई भी गाड़ी, मोटरसाइकिल भरमौर बाजार के बीच से नहीं गुजरेगी। यही व्यवस्था शाम को 3 बजे से 4:30 बजे तक भी रहेगी। बाजार में दुकानदारों के सामान, भरमौर निवासियों और अन्य संस्थानों के किसी भी प्रकार के सामान को बाजार के बीच से ले जाने अथवा सड़क के किनारे चढ़ाने उतारने का समय शाम 6 बजे से सुबह 8 बजे तक निर्धारित किया गया है।