दशहरे पर भरमौर चौक से इरावती होटल तक रेंगते रहे वाहन
मिंजर मेले समेत अन्य आयोजनों में भी जाम से जूझते हैं शहरवासी, ठोस ट्रैफिक प्लान की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। शहर में बड़े आयोजन होते ही यातायात व्यवस्था लड़खड़ाने से आम लोगों की परेशानी बढ़ जाती है। दशहरे के दिन भरमौर चौक से इरावती होटल तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।
वाहन रेंगते रहे और लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शहरवासियों का कहना है कि मिंजर मेले सहित अन्य बड़े आयोजनों के दौरान भी ऐसी स्थिति बनती है, लेकिन इससे निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम नजर नहीं आते।
लोगों के अनुसार, बड़े आयोजनों में भीड़ और वाहनों का दबाव बढ़ना पहले से तय रहता है। इसके बावजूद प्रमुख मार्गों पर यातायात नियंत्रित करने और वैकल्पिक व्यवस्था बनाने में कमी दिखाई देती है। इसका खामियाजा स्थानीय निवासियों के साथ बाहर से आने वाले लोगों को भी भुगतना पड़ता है।
शहरवासी सोनू, मनोज कुमार, राकेश, विनोद कुमार, अशोक और जय सिंह ने कहा कि प्रमुख चौकों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की पर्याप्त तैनाती होनी चाहिए। वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने के साथ जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्ग भी तय किए जाएं। उन्होंने बड़े आयोजनों से पहले यातायात योजना तैयार कर उसे प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग की।
लोगों का कहना है कि यातायात पुलिस की भूमिका जाम लगने के बाद व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। पहले से प्रबंध हों, ताकि आम लोगों को परेशानी न हो। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।