खज्जियार में भी बढ़ रही मेहमानों की भीड़, कारोबारियों के चेहरे खिले
संवाद न्यूज एजेंसी
खज्जियार (चंबा)। खजरोठ नाला में पर्यटक बर्फ में खूब अठखेलियां कर रहे हैं। खज्जियार से सात किलोमीटर दूर यहां आधा फीट तक बर्फ जमी है। इसके ऊपर पर्यटक सेल्फी लेने के साथ अठखेलियां कर रहे हैं।
डलहौजी से रोजाना काफी संख्या में यहां पर्यटक घूमने आ रहे हैं। मौज-मस्ती करने के बाद पर्यटक खज्जियार का रुख कर रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से झील मैदान भी पर्यटकों से गुलजार नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों में हंसराज, केवल, रिंकू, सुनील कुमार, अरविंद, दिनेश कुमार और दीपक ने बताया कि बर्फबारी के बाद पर्यटकों की आवाजाही बढ़ी है। पहले पर्यटक लक्कड़मंडी से आगे नहीं जा रहे थे। भारी बर्फबारी के कारण मार्ग बंद था। अब यह मार्ग यातायात के लिए पूरी तरह से बहाल हो चुका है। यही वजह है कि पर्यटक लक्कड़मंडी से होते हुए पहले खजरोठ नाले में पहुंच रहे हैं। वहां से खज्जियार की रवानगी कर रहे हैं। पर्यटन सीजन पिछले साल वीरान ही रहा। ऐसे में होटल व्यावसायियों सहित अन्य कारोबारियों को इस साल के सीजन से उम्मीद है।