चंबा। राज्य से आई कायाकल्प की टीम ने चंबा मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण। टीम में शामिल विशेषज्ञों ने मेडिकल कॉलेज की प्रयोगशालाओं से लेकर ऑपरेशन थियेटर में जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं से लेकर इलाज में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों के साथ साफ-सफाई को लेकर भी टीम ने जांच की।मेडिकल कॉलेज में चल रही स्टाफ की कमी को लेकर प्रबंधन से पूछताछ की। टीम ने सबसे पहले मेडिकल कॉलेज की सेंटर लैब का निरीक्षण किया। यहां आपातकाल में मरीजों के टेस्ट करने की व्यवस्था है।
लैब में कौन-कौन से टेस्ट किए जा रहे हैं और कौन से टेस्ट बंद हैं, उनकी पूरी रिपोर्ट ली। इसके बाद टीम ने अस्पताल के वार्डों में मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। वार्ड में साफ-सफाई को लेकर जांच की गई। कायाकल्प की टीम में डॉ. दीपिका और डॉ. तरुण सूद शामिल रहे। उनके साथ मेडिकल कॉलेज के अधिकारी भी मौजूद थे। इन्हें टीम में शामिल विशेषज्ञों ने कमियां सुधारने के लिए दिशा-निर्देश दिए। टीम मेडिकल कॉलेज में मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं को लेकर रिपोर्ट बनाकर सरकार को देगी। कार्यवाहक चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देवेंद्र कुमार ने बताया कि कायाकल्प की टीम ने मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया है।