चंबा। नगर परिषद शहर वासियों को आधुनिक सेवाएं देने के लिए विशेष प्रोजेक्ट पर कार्य कर रही है। इसमें जहां कसाकड़ा में लिफ्ट लगाना शामिल है तो वहीं पुराने बस स्टैंड में पार्किंग और भरमौर चौक के पास शॉपिंग कांप्लेक्स बनाने पर योजना बनाई जा रही है। इसकी प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार हो चुकी है।
अब इस प्रोजेक्ट को स्वीकृति के लिए सरकार को भेजने की तैयारी की जा रही है। बस स्टैंड तत्वानी में शिफ्ट होने के बाद यात्रियों को बाजार पहुंचना काफी मुश्किल हो गया है। ऐसे में नप ने नए बस स्टैंड से लिफ्ट बनाने का प्रोजेक्ट तैयार किया है। इन तीनों कार्यों को अमलीजामा पहनाने के लिए 25 करोड़ का अनुमानित बजट रखा गया है। जिसे बाद में वास्तविक रिपोर्ट बनने पर बढ़ाया भी जा सकता है।
शहर में वाहनों को पार्क करने के लिए अभी तक कोई उचित सुविधा नहीं है। इसके अलावा शाॅपिंग कांप्लेक्स की भी लोगों को सुविधा नहीं मिल पा रही है। ऐसे में नप शहर के लोगों को बड़े शहरों की तर्ज पर सुविधाएं देने की तरफ कदम बढ़ा रही है। उधर, वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल ने बताया कि लिफ्ट, पार्किंग व शॉपिंग कांप्लेक्स बनाने के लिए प्रोजेक्ट तैयार किया गया है। सरकार से मंजूरी मिलने पर इसे धरातल पर उतारा जाएगा।