सुबह 8:30 बजे डडोग में हादसा, एक बच्चा पहले ही उतर गया था वाहन से
संवाद न्यूज एजेंसी
तेलका (चंबा)। जिला चंबा के खैरी थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह स्कूल जा रहे बच्चों के साथ हादसा हो गया। पंजाब नंबर की पिकअप से उछलकर सड़क पर गिरने से तीन बच्चे घायल हो गए। इनमें सिर पर चोट लगने के कारण एक छात्रा को प्राथमिक उपचार के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हादसे से कुछ समय पहले एक बच्चा वाहन से उतर गया था, जिससे वह सुरक्षित बच गया।
पुलिस को सौंपी शिकायत में अभिभावक अक्षय ठाकुर ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे चार बच्चे पिकअप में लिफ्ट लेकर स्कूल जा रहे थे। इनमें इक़बाल नामक बच्चा हादसे से पहले ही वाहन से उतर गया था। इसके बाद पिकअप जब डडोग पहुंची तो जोरदार झटका लगने से पीछे बैठे तीनों बच्चे सड़क पर जा गिरे और घायल हो गए।
घायलों की पहचान अंश ठाकुर और अक्षय कुमार निवासी चमोह तथा सनम बेगम निवासी डडोग के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। सनम बेगम के सिर में चोट आने के कारण उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार बच्चों ने अपने बयान में बताया कि वाहन को उछाल लगने के कारण वे सड़क पर गिर गए थे। हादसे के बाद पिकअप चालक यावेद दुर्घटनास्थल से आगे निकल गया। जिला पुलिस चंबा ने पुलिस थाना खैरी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 125(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इनसेट
ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूल आने-जाने के लिए निजी वाहनों से लिफ्ट लेना और पिकअप के पीछे बैठकर सफर करना जोखिमपूर्ण हो सकता है। अभिभावकों को बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करनी चाहिए। वहीं, वाहन चालकों को भी यातायात नियमों का पालन करते हुए बच्चों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहना चाहिए।
इनसेट
पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि हादसे के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।