जगह-जगह गड्ढे बनने से चालकों की बढ़ी परेशानी, शिकायत के बावजूद मरम्मत नहीं
कार्यस्थल प्रभारी ने एक सप्ताह में सड़क ठीक करने का दिया आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
नैणीखड्ड (चंबा)। नैणीखड्ड से बेली तक जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग की हालत निर्माण के महज एक महीने बाद ही बिगड़ने लगी है।
सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बनने से वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। सबसे अधिक दिक्कत दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है। स्थानीय लोगों ने सड़क की हालत को लेकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए जल्द मरम्मत की मांग की है।
ग्राम पंचायत बेली के प्रधान जैसी राम ने बताया कि सड़क की खराब हालत के संबंध में संबंधित कार्यस्थल प्रभारी को शिकायत दी गई है, लेकिन अभी तक मरम्मत नहीं हुई। गड्ढों से बचने के लिए वाहन चालकों को अचानक दिशा बदलनी पड़ती है, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
स्थानीय निवासी गंधर्व सिंह, दिनेश कुमार और पंकु ने भी सड़क की हालत पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि निर्माण के एक महीने के भीतर ही सड़क पर गड्ढे पड़ना चिंता का विषय है। संबंधित विभाग को जल्द मरम्मत करवाने के साथ निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच भी करनी चाहिए, ताकि सड़क बार-बार खराब न हो।
संबंधित कार्यस्थल प्रभारी रवि कुमार ने कहा कि एक सप्ताह के भीतर सड़क को ठीक कर दिया जाएगा। अब स्थानीय लोगों को मरम्मत कार्य शुरू होने का इंतजार है।