भोटा (हमीरपुर)। पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भोटा में फैले पीलिया के मामले ने अब गंभीर रूप ले लिया है। एक छात्र की हालत बिगड़ने पर उसे एम्स बिलासपुर से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर करना पड़ा है, जबकि स्कूल में तीन नए मामले आने से आंकड़ा बढ़कर 34 पहुंच गया है।
हैरानी की बात यह है कि पांच दिन बीत जाने के बाद भी बीमारी फैलने की असली वजह सामने नहीं आ पाई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लिए गए पानी के सैंपल की रिपोर्ट अब तक लंबित है, जिससे पीलिया फैलने का कारण रहस्य बना हुआ है।
बुधवार को स्कूल में तीन नए मामले सामने आए। लगातार बढ़ते मामलों के बीच स्कूल परिसर के साथ लगती बावड़ी को सील कर दिया गया है। इससे पहले स्कूल की एक पानी की टंकी भी सील की जा चुकी है।
बीते शुक्रवार को स्कूल में सात विद्यार्थियों में पीलिया के लक्षण सामने आए थे। इसके बाद शनिवार को तीन, रविवार को नौ, सोमवार को चार, मंगलवार को आठ और बुधवार को तीन नए मामले सामने आने से स्कूल और अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है।
हालांकि सभी विद्यार्थियों की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है। जल शक्ति विभाग की ओर से स्कूल से लिया गया एक पानी का सैंपल ठीक पाया गया है, जबकि अन्य रिपोर्टों का इंतजार किया जा रहा है।
रिपोर्ट सामने न आने से बीमारी फैलने के कारणों को लेकर संशय बना हुआ है। स्कूल में लगातार बढ़ते मामलों के बाद अभिभावकों में दहशत का माहौल है। कई अभिभावक बच्चों को स्कूल भेजने से बच रहे हैं। बीमारी का स्रोत स्पष्ट न होने से चिंता और बढ़ गई है।
सीएमओ और खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने किया निरीक्षण
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी हमीरपुर और खाद्य सुरक्षा अधिकारी की टीम ने स्कूल पहुंचकर निरीक्षण किया। टीम ने स्कूल परिसर, बावड़ी और सील की गई सीमेंट टंकी का निरीक्षण किया। विद्यार्थियों को उबालकर पानी पीने, साफ-सफाई रखने और हाथ अच्छी तरह धोने के प्रति जागरूक भी किया गया।
कोट
33 विद्यार्थियों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। सभी की हालत सामान्य है। स्कूल में भरे गए पानी के सैंपल की रिपोर्ट अभी नहीं आई है। रिपोर्ट आने के बाद ही पीलिया फैलने के कारण स्पष्ट होंगे।
-डॉ. अरविंद टंडन, बीएमओ बड़सर