पुलिस ने शहर में चोरी की वारदातों में सक्रिय नाबालिग चोरों के एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। तीन नाबालिगों को पुलिस ने पकड़ा है। इनके कब्जे से नकदी व चोरी के मोबाइल बरामद हुए हैं।
पुलिस तीनों से पूछताछ कर उनके अन्य किसी वारदात में शामिल होने की पड़ताल कर रही है। रविवार रात को कसाकड़ा में एक दुकान पर चोरी हुई थी। शहरी चौकी प्रभारी मनोज वालिया के नेतृत्व में पुलिस ने मौके पर पहुंच घटनास्थल पर कई साक्ष्य जुटाए थे। जिसके आधार पर पुलिस ने मंगलवार को ओबड़ी व बाड़ी से तीनों नाबालिगों को पकड़ा है। इनके कब्जे से चार हजार रुपये नकद व तीन मोबाइल फोन मिले हैं। जो कसाकड़ा की दुकान से चोरी किए थे।
शहरी चौकी प्रभारी ने बताया कि तीनों से पुलिस ने कड़ी पूछताछ की है और उम्मीद है चोरी से जुड़े दूसरे मामलों की परतें भी इनके माध्यम से खुलेंगी। गौरतलब है कि सुल्तानपुर में करीब दो माह पूर्व एक शोरूम में चोरी की वारदात हुई थी। जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश की लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी।
उधर, डीएसपी वीर बहादुर का कहना है कि नाबालिगों का चोरी के धंधे में संलिप्त होना खतरनाक है। इन्हें उनके परिजनों के हवाले किया जाएगा। पुलिस लगातार इन पर निगरानी रखेगी। इनके सहारे दूसरे मामलों की परतें खुलती हैं तो यह पुलिस के लिए बड़ी कामयाबी होगी।