चंबा कॉलेज में एसएफआई और एबीवीपी की खूनी झड़प के बाद प्रशासन ने लिया निर्णय
शनिवार को दोनों संगठनों के कार्यकर्ताओं के बीच हुई थी खूनी झड़प, माहौल हुआ खराब
परिसर में नारेबाजी और धरना-प्रदर्शन पर रोक, बुलाए जाएंगे विद्यार्थियों के अभिभावक : गुलेरिया
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। कॉलेज परिसर में मारपीट करने वाले छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। चंबा कॉलेज प्रशासन ने इस बारे में आदेश जारी कर दिए हैं। आदेशों के मुताबिक किसी भी तरह की लड़ाई या झड़प में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों के अभिभावकों को तलब किया जाएगा। साथ ही उन्हें कॉलेज से निकाल दिया जाएगा।
शनिवार को कॉलेज में एबीवीपी और एसएफआई कार्यकर्ताओं के बीच हुई खूनी झड़प के बाद यह निर्णय कॉलेज प्रशासन ने लिया है। खूनी झड़प के बाद कॉलेज प्रशासन सतर्क हो गया है और कॉलेज परिसर में धरने और नारेबाजी करने पर रोक लगा दी गई है। कोई भी छात्र संगठन निर्देशों की अवहेलना करता है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि कॉलेज परिसर में शनिवार को एबीवीपी और एसएफआई कार्यकर्ताओं के बीच खूनी झड़प हुई थी। इसमें पांच कार्यकर्ता घायल हुए हैं। घायलों को चंबा मेडिकल कॉलेज में उपचार दिया गया। इसके बाद पुलिस ने भी मामला दर्ज जांच शुरू कर दी है। कॉलेज प्रशासन की ओर से भी इस मामले में गंभीरता दिखाई जा रही है और दोबारा ऐसा मामले आने पर एक तरफ कार्रवाई के संकेत दिए हैं।
इनसेट
कॉलेज का माहौल खराब करने वाले कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों के अभिभावक तलब किए जाएंगे। साथ ही इस तरह की गतिविधि को अंजाम देने वाले कार्यकर्ताओं को कॉलेज से निकाल दिया जाएगा। -डॉ. मदन गुलेरिया, चंबा कॉलेज प्राचार्य