भरमौर (चंबा)। ऊन कताई और आटा चक्की मशीन के पुर्जों पर चोरों ने हाथ साफ कर लिया। इससे प्रभावित को लाखों का नुकसान हुआ है। सोमवार को जब दुकानदार दुकान पर पहुंचा तो वह दंग रह गया। दुकान का ताला टूटा पड़ा था और दुकान के भीतर मशीनों के पार्ट गायब थे। उन्होंने भरमौर पुलिस थाने में चोरी की शिकायत दर्ज करवा दी है।
दुकानदार किरपा राम चौहान निवासी घरेड़ ने बताया कि वह थल्ला-चौबिया मार्ग पर थल्ला नामक स्थान पर डेढ़ दशक से ऊन कताई और आटा चक्की मशीन लगाकर परिवार का पालन-पोषण कर रहा है। रविवार को वह रोजमर्रा की तरह अपनी दुकान पर रात के समय अपने घर चला गया। सोमवार को जब वह दुकान खोलने के लिए पहुंचा तो वह दुकान का टूटा ताला देखकर हैरान रह गया। दुकान के भीतर ऊन कताई और आटा चक्की मशीन के कई हिस्से गायब थे।
इतना ही नहीं, दुकान के भीतर सामान भी बिखरा पड़ा था। अतिरिक्त थाना प्रभारी भरमौर रविंद्र नाथ ने चोरी होने की पुष्टि की है। बताया कि पुलिस चोर को पकड़ने के लिए सीसीटीवी की फुटेज से जांच कर रही है।