चंबा। चंबा-करियां मार्ग पर आठ माह पहले गिरे डंगे को एनएच प्राधिकरण दुरुस्त नहीं करवा पाया है। इसके चलते वहां रोजाना वाहन दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। कई बार वाहन आपस में टकराने से बाल-बाल बचे हैं क्योंकि डंगा गिरने की वजह से सड़क संकीर्ण हो चुकी है। इससे वहां से एक समय में एक ही वाहन गुजर सकता है। इसकी वजह से रोजाना वहां जाम भी लग रहा है। हैरानी इस बात की है कि अभी तक एनएच प्राधिकरण की तरफ से डंगा लगाना तो दूर की बात, इसका निर्माण कार्य भी शुरू नहीं किया गया है।
इसका खामियाजा वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को भुगतना पड़ रहा है। चालकों रवि कुमार, चैन लाल, सुरेश कुमार, संजय कुमार, कमलेश, मनीष और सुरेंद्र ने बताया कि हरदासपुरा में डंगा गिरे हुए आठ माह बीत चुके हैं लेकिन इस डंगे की मरम्मत को लेकर अभी तक किसी प्रकार की कार्यवाही प्राधिकरण की ओर से नहीं की गई है। इससे यही लगता है कि डंगा लगाने को लेकर प्राधिकरण जरा भी गंभीर नहीं है। भविष्य में यदि यहां कोई भी अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी पूर्ण रूप से एनएच प्राधिकरण की होगी। एनएच के अधिशासी अभियंता संजीव महाजन ने बताया कि डंगे को लगाने का कार्य जल्द शुरू करवाया जाएगा।