मंगला (चंबा)। ग्राम पंचायत मंगला में आखिरकार दो दिन बाद उजाला हो गया। बिजली गुल होने की सूचना मिलने के बाद ट्रांसफार्मर को सुचारु करने में जुटे बिजली बोर्ड के कर्मचारियों ने व्यवस्था को दुरुस्त कर ग्रामीणों को राहत प्रदान की है। दरअसर, बीते दिनों मूसलाधार बारिश के चलते मंगला पंचायत में स्थापित ट्रांसफार्मर जलने से बिजली आपूर्ति ठप पड़ गई थी। बिजली गुल होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। बिजली न होने से मंगला पंचायत के बाशिंदों को अंधेरे में ही रातें काटनी पड़ीं। ग्रामीणों की ज्वलंत समस्या को दैनिक समाचार पत्र अमर उजाला में प्रकाशित किया गया जिसके तहत अब क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सुचारु हो जाने से लोगों ने राहत की सांस ली है।
ग्रामीणों विकास कुमार, राज कुमार, संजय, विपन, सुनील कुमार, विवेक कुमार, योगराज, प्रताप चंद, अशोक कुमार, लब्धी राम, प्रमोद कुमार आदि का कहना है कि दो दिन तक बिजली बंद होने के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बताया कि ग्रामीण लंबे समय से पंचायत में नई ट्रांसफार्मर स्थापित करवाने को लेकर आवाज बुलंद कर रहे हैं लेकिन, समस्या जस की तस बनी हुई है। मंगला पंचायत में बंद पड़ी बिजली सप्लाई को सुचारु करवाने में बोर्ड के कर्मी डटे रहे लेकिन सोमवार देररात तक ट्रांसफार्मर सुचारु नहीं हो पाया। आखिरकार मंगलवार को विद्युत सप्लाई सुचारु होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
बिजली बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता अंकुर का कहना है कि ट्रांसफार्मर को दुरुस्त करवाकर विद्युत सप्लाई को बहाल करवा दिया गया है।