डलहौजी (चंबा)। डलहौजी पब्लिक स्कूल ने 55वां स्थापना दिवस समारोह धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर स्कूल के विद्यार्थियों ने चंब्याली नृत्य और अन्य रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत करते हुए खूब तालियां बटोरीं। भारतीय थल सेना के उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल राकेश कपूर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। विशेष अतिथि के रूप में लेफ्टिनेंट कर्नल राहुल सलाथिया मौजूद रहे।
स्कूल के चेयरमैन डॉ. कैप्टन जीएस ढिल्लों ने मुख्यातिथि और पूनम कपूर एवं विशेष अतिथि को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके उपरांत उपस्थित जन समूह को संबोधित करते हुए मुख्यातिथि लेफ्टिनेंट जनरल राकेश कपूर ने स्कूल के स्थापना दिवस समारोह के सफल आयोजन पर स्कूल प्रबंधन व विद्यार्थियों और अभिभावकों को बधाई दी। यह बहुत हर्ष का विषय है कि डलहौजी पब्लिक स्कूल विगत 55 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र मे अहम् भूमिका निभा रहा है। शिक्षा के साथ बच्चों को अन्य गतिविधियों में पारंगत कर उनका सर्वागीण विकास कर उन्होंने कहा कि यहां का स्वच्छ और स्वास्थ्यवर्धक वातावरण भी जहां बच्चों में नई ऊर्जा पैदा करता है। वहीं, स्कूल द्वारा स्थापित किया बीजी सैन्य पार्क भी बच्चों में देशभक्ति की भावना को पैदा कर उन्हें देश सेवा के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने बच्चों को कड़ी मेहनत करते हुए पूरी लगन से अपने लक्ष्य की प्राप्ति को प्रेरित किया। इस अवसर पर पूर्व शिक्षा मंत्री आशा कुमारी, होटल एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक एवं पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष मनोज चड्ढा, वंदना चड्ढा, पूर्व विधायक रेणु चड्ढा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर बिपिन ठाकुर, गुरु नानक पब्लिक स्कूल के प्राचार्य नवदीप भंडारी और दीपिका भंडारी अन्य मेहमान मौजूद रहे।