चंबा। दिवाली पर चंबा से हरिद्वार के लिए सोमवार को दोपहर 3:00 बजे, शिमला के लिए शाम 4:00 बजे और स्थानीय रूटों पर 5:00 बजे अंतिम बस रवाना होगी। इसके बाद जिले के विभिन्न रूटों पर बसें नहीं दौड़ेंगी। परिवहन निगम के कर्मी भी दीपों का त्योहार परिवार के साथ मनाएंगे। जिला मुख्यालय स्थित बाजार में खरीदारी के बाद लोगों को शाम 5:00 बजे तक घर जाने के लिए बस सेवा मिलेगी। मंगलवार को पूर्वस्थिति के मुताबिक ही शेड्यूल है। जिले से 12 स्पेशल बसों की आवाजाही रहेगी।
इस नंबर पर पता करें बसों की स्थिति
सोमवार और मंगलवार को बसों की समयसारिणी को लेकर बस अड्डा चंबा प्रभारी के फोन नंबर 01899-222210 पर पता किया जा सकता है।
अग्निशमन विभाग ने की तैयारी
चंबा। दिवाली को लेकर अग्निशमन विभाग ने तैयारियां कर ली हैं। अग्निशमन विभाग ने कर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। सात दमकल वाहनों में 27,800 लीटर पानी भरा गया है। ये वाहन दीपावली के दिन होने वाली किसी भी आग लगने की घटना से निपटने के लिए तैयार रहेंगे।
फायर ब्रिगेड को कॉल करने के लिए 101 टोल फ्री नंबर डायल करें। आपात स्थिति के दौरान राष्ट्रीय आपातकालीन नंबर 112 डायल भी कर सकते हैं।
मेडिकल कॉलेज में तीन अतिरिक्त सर्जन तैनात
चंबा। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने भी अपने स्तर पर पुख्ता प्रबंध कर लिए हैं। प्रबंधन ने नियमित चिकित्सकों के अलावा तीन सर्जनों की भी अतिरिक्त ड्यूटी लगाई हैं। आपातकालीन कक्ष को खाली रखा जाएगा, जिससे चोटिल या घायल होने वाले मरीज को समय पर उपचार दिया जा सके।
चंबा मेडिकल कॉलेज में आपातकालीन नंबर : 01899-222392
ये रखें सावधानी
मेडिकल कॉलेज चंबा के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. आदित्य कश्यप ने बताया कि दिवाली के दौरान पटाखों से झुलसने और आंखों में चोट लगने के कई मामले सामने आते हैं। इसलिए पटाखा जलाते वक्त आंखों की सुरक्षा सबसे जरूरी है। कभी भी झुककर या सीधे आंखों के सामने पटाखा न जलाएं। बच्चों को पटाखा जलाने के दौरान वयस्कों की निगरानी में रखना चाहिए।
आंखों में किसी भी तरह की जलन, पानी आना या जलने की स्थिति में तुरंत ठंडे पानी से आंखें धोएं और कभी भी हाथ या रूमाल से आंखें न रगड़ें। अधिक झुलसने पर डॉक्टर से परामर्श लें।
दीपावली को लेकर सभी विभागों को अपने स्तर पर सतर्क रहने के आदेश जारी किए हैं। पर्व पर जिलेवासियों को बधाई। शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाएं। मुकेश रेपसवाल, उपायुक्त चंबा