पानी की समस्या को लेकर एडीएम अमित मैहरा को ज्ञापन देने के बाद गांव चकलू के बाशिंदे।
- फोटो : Chamba
चंबा। विकास खंड चंबा के तहत ग्राम पंचायत चकलू के ग्रामीणों के लिए भरपूर पानी की व्यवस्था नहीं हो पा रही है। इसके चलते ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि दशकों से चली आ रही इस समस्या का समाधान आज दिन तक न प्रशासन कर पाया है और न नेता राहत दे पाए हैं। इसी समस्या को लेकर ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल एडीएम चंबा अमित मेहरा से मंगलवार को जिला मुख्यालय में मिला।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल ग्राम पंचायत चकलू के प्रधान हंसराज, उपप्रधान तेजिंद्र चौहान, पंचायत समिति सदस्य यशपाल, सदस्य मोनिका, राकेश समेत ग्रामीण शमशेर सिंह, मान सिंह, देशराज, जोगिंद्र सिंह, रजनीश कुमार और तेज सिंह ने बताया कि पंचायत की आबादी करीब छह हजार है लेकिन आज दिन तक पेयजल समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
एनएचपीसी की ओर से बांध से पानी लिफ्ट कर लोगों को राहत दी जा रही थी लेकिन, बांध में इन दिनों सिल्ट की सफाई का कार्य चल रहा है। ऐसे में लोगों की दिक्कतें बढ़ती जा रही हैं। उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से अब तक कोई योजना नहीं बनाई गई है, जिससे ग्रामीणों को पर्याप्त पेयजल मिल सके। वहीं, चकलू स्कूल में भी विद्यार्थियों को पानी की समस्या हो रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।