तेलका (चंबा)। बिंदोखी-लचोड़ी सड़क के सुधारीकरण कार्य पर सवाल उठना शुरू हो गए हैं। स्थानीय लोगों के लोक निर्माण विभाग के ठेकेदार पर आरोप हैं कि उसने निर्माण के दौरान हुट्टा से बिंदोखी तक सड़क की तय छह मीटर की चौड़ाई नहीं रखी है। साथ ही इसकी कटिंग भी सही तरीके से नहीं करवाई है।
ग्रामीण सुशील कुमार, देव राज, आमका प्रसाद, राजेंद्र कुमार और रोशन लाल रत्न चंद आदि का आरोप है कि करीब 18 किलोमीटर में से सात किलोमीटर सड़क के कार्य में लापरवाही बरती जा रही है। इससे सड़क संकरी हो गई है और स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि सड़क को तय मानकों पर चौड़ा नहीं किया गया तो वे धरना-प्रदर्शन करेंगे।
18 किमी सड़क 14.11 करोड़ से बनेगी
इस सड़क की कुल लंबाई 18 किलोमीटर है। योजना की अनुमानित लागत 14.11 करोड़ रुपये है, जबकि पांच वर्षों के रखरखाव पर 1.27 करोड़ खर्च किए जाएंगे। कार्य की शुरुआत नवंबर 2024 में हुई है और मई 2026 में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए गए हैं। सड़क की पूरी कटिंग छह मीटर चौड़ाई में की जाए। रजत सहगल, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग सलूणी