चंबा। राष्ट्रीय शिक्षुता प्रशिक्षण योजना (एनएटीएस) के तहत प्रशिक्षण के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का चयन मेरिट आधार पर होगा। इसके लिए प्रारंभिक शिक्षा विभाग चंबा ने कदमताल शुरू कर दी है। विभाग के पास 175 अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्र ऑनलाइन माध्यम से पहुंच चुके हैं, जबकि अभी भी 82 अभ्यर्थियों ने प्रमाण पत्र जमा नहीं करवाए है। विभाग की ओर से इसके लिए एक दिन का समय अभ्यर्थियों को दिया है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि अगर अभ्यर्थी समय रहते अपने प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं करवाते हैं तो इसके लिए वे स्वयं लापरवाह होंगे। विभाग की ओर से इस तरह के निर्देश जारी करने का मकसद अभ्यर्थियों से समय रहते प्रमाण पत्र लेना है। प्रारंभिक शिक्षा विभाग चंबा ने इसके लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
एनएटीएस के लिए 50 अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। इसके लिए 11 फरवरी तक प्रमाण पत्र जमा करवाने की अंतिम तिथि रखी गई थी, लेकिन अभी भी 82 अभ्यर्थियों ने अपने प्रमाण पत्र जमा नहीं करवाए है। ऐसे में अब विभाग ने सभी पंजीकृत अभ्यर्थियों से वीरवार दोपहर तक हर हाल में डीएलएड और जेबीटी प्रमाणपत्र ऑनलाइन भेजने को कहा है। विकास महाजन, उपनिदेशक, प्रारंभिक शिक्षा विभाग, चंबा
यह मिलेगी सुविधा
इस योजना के तहत सरकार की ओर से चुने गए प्रशिक्षुओं को उद्योगों में एक वर्ष के प्रशिक्षण के दौरान कुल नौ हजार रुपये का स्टाइपंड मिलेगा। इसमें 4,500 रुपये राज्य सरकार और 4,500 रुपये केंद्र सरकार की ओर से दिए जाएंगे।