तीसा (चंबा)। द्रेबड़ से खराब ट्रांसफार्मर को कंधों पर उठाकर ग्रामीणों ने पांच किलोमीटर का पैदल रास्ता तय कर चरोड़ी सड़क तक पहुंचाया। यहां पर उन्हें नया ट्रांसफार्मर मिलने की आस थी लेकिन विद्युत बोर्ड प्रबंधन के कर्मचारी को ट्रांसफार्मर को हैंडओवर करने के बाद ग्रामीणों को कुछ दिन और इंतजार करने का आश्वासन मिला। इससे गुस्साए ग्रामीण निजी वाहन कर जिला मुख्यालय चंबा स्थित विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता से मिले और 65 केवी क्षमता का नया ट्रांसफार्मर प्रदान करने की मांग की। अधिशासी अभियंता ने आगामी कुछ दिनों में ग्रामीणों को गांव में नया ट्रांसफार्मर स्थापित करवाने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों मुस्ताक, अब्दुल शकुर, मजीद, प्यार दीन आदि ने बताया कि देहरी में स्थित 25 केवी क्षमता का ट्रांसफार्मर बीते दस दिन पहले अचानक जल जाने से ग्राम पंचायत चरोटी के वार्ड देहरी-द्रेबड़ में बिजली गुल पड़ी हुई है। बिजली बंद होने से स्कूली बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। साथ ही गृहिणियों को भी रात का खाना पकाने में दिक्कतें पेश आ रही हैं। ग्रामीणों को अपने मोबाइल चार्ज करने के लिए दूसरी पंचायत का रुख करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार विद्युत बोर्ड के कर्मचारियों को बिजली गुल होने की समस्या के बारे में अवगत करवाया गया। बावजूद इसके अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। इससे उनकी परेशानियां बढ़ती जा रही हैं।
विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता परवेश कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की समस्या ध्यान में लाई गई है। आगामी समय में जल्द समस्या का समाधान करवाने के प्रयास किए जाएंगे।