सिहुंता (चंबा)। लगातार हो रही भारी बारिश से सिहुंता क्षेत्र की अधिकांश बिजली लाइनों को गहरी क्षति पहुंची, लेकिन बिजली बोर्ड के जांबाज कर्मचारियों ने जोखिम उठाकर हालात संभाल लिए। अपनी जान की परवाह किए बिना उफनती चक्की खड्ड को पार कर कर्मचारियों ने टूटे तारों को दुरुस्त किया और इलाके में अंधकार दूर कर फिर से रोशनी बहाल की।
जानकारी के अनुसार बारिश से परिक्षेत्र के कई गांवों में बिजली ठप हो गई थी। चारों ओर अंधेरा और असुविधा से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई थीं। सबसे बड़ी चुनौती चक्की खड्ड के तेज बहाव को पार करना था, मगर कर्मचारियों ने कर्तव्य को सर्वोपरि रखते हुए हालात से जूझकर सप्लाई बहाल कर दी। स्थानीय निवासी विनय कुमार, अजीत कुमार, रमन कुमार, दिनेश सिंह और करण सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने कर्मचारियों के साहस और सेवाभाव की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस कठिन परिस्थिति में उनकी तत्परता सराहनीय है और अब क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है। उधर, बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि जहां-जहां तार टूटे थे, वहां मरम्मत कर आपूर्ति बहाल कर दी गई है।