सिहुंता (चंबा)। सिहुंता-द्रम्मण मुख्य मार्ग पर खोला के पास सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि अब वहां सड़क की जगह तालाब सा दृश्य बन गया है। बारिश के बाद भारी जलभराव होने से पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक परेशानी उन विद्यार्थियों को उठानी पड़ रही है, जो सिहुंता कॉलेज पढ़ाई के लिए इसी मार्ग से आते-जाते हैं।
गरनोटा क्षेत्र के छात्र-छात्राओं ने बताया कि उन्हें रोज़ सुबह जूते उतारकर कीचड़ और पानी से लबालब सड़क पार करनी पड़ती है। विद्यार्थी रिया ठाकुर, किरण कुमारी, दिशा कुमारी, कामनी ठाकुर, जानवी, अशोक कुमार और अमन ने बताया कि बसें भी इस खस्ताहाल स्थान पर नहीं रुकतीं, जिससे उन्हें एक लंबा रास्ता पैदल तय करना पड़ता है।
बरसात के मौसम में पानी जमा रहने से फिसलन और दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय लोगों और विद्यार्थियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग की तत्काल मरम्मत की जाए और जल निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को हो रही कठिनाइयों से राहत मिल सके।