चंबा। शहर में मीट पास करवाने की व्यवस्था को लेकर मीट विक्रेताओं और नगर परिषद के बीच असहमति सामने आई है। विक्रेताओं ने स्पष्ट किया है कि उन्हें मीट पास करवाने से कोई एतराज नहीं है लेकिन वे पशुपालन विभाग के पॉलीक्लीनिक में इसकी जांच नहीं करवाना चाहते।
उनका कहना है कि जहां कुत्तों और अन्य पशुओं का इलाज होता है, वहां मीट की जांच करवाना उचित नहीं है। इसके लिए अलग व्यवस्था की जानी चाहिए।
मीट विक्रेता शम्मी कुमार, पवन कुमार, भबू कुमार, अंकु और सूरज ने कहा कि वे नियमों के अनुसार मीट पास करवाने और इसके लिए अतिरिक्त शुल्क देने को भी तैयार हैं। उनकी आपत्ति केवल जांच और पास जारी करने के लिए निर्धारित स्थान को लेकर है।
उन्होंने नगर परिषद से वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की, ताकि जांच प्रक्रिया भी व्यवस्थित रहे और विक्रेताओं को परेशानी न हो। नगर परिषद चंबा ने शहर के मीट विक्रेताओं को मीट पास करवाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए दुकानदारों को दो बार नोटिस भी जारी किए जा चुके हैं।
हालांकि, नगर परिषद के पास अपना स्लाटर हाउस नहीं है। ऐसे में पॉलीक्लीनिक में मीट पास करवाने की व्यवस्था को लेकर विक्रेताओं में असमंजस बना हुआ है।
नगर परिषद चंबा की वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल ने कहा कि मीट विक्रेताओं के लिए मीट पास करवाना अनिवार्य है। उनकी समस्याओं का भी समाधान किया जाएगा।