विभागीय टीम स्कूलों का ककरेगी औचक निरीक्षण
उच्च शिक्षा विभाग ने शिक्षकों को किताबों से पढ़ाने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिले के सरकारी स्कूलों में हेल्प बुक से पढ़ाने वाले शिक्षकों के खिलाफ शिकंजा कसा जाएगा। उच्च शिक्षा विभाग ने इसके लिए योजना तैयार कर ली है। विभाग की ओर से स्कूलों का औचक निरीक्षण किया जाएगा और हेल्प बुक पाए जाने पर संबंधित शिक्षक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग की ओर से इस तरह के निर्देश जारी करने का मकसद सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देना है जिससे विद्यार्थी हेल्प बुक के बजाय किताबों से अपनी पढ़ाई करें और अच्छे अंक परीक्षा में हासिल कर सकें। विभाग की ओर से इसी सत्र से यह आदेश जारी कर दिए हैं। साथ ही स्कूल मुखियाओं को भी निर्देशित किया गया है कि वे स्कूल में तैनात स्टाफ को इसके बारे में जागरूक करें।
सूत्रों का कहना है कि विभाग को शिकायत मिली है कि कुछेक स्कूलों के अध्यापक हेल्प बुक से बच्चों को पढ़ा रहे हैं। पिछले शैक्षणिक सत्र में यह शिकायत विभाग को मिली। बहरहाल, अंतिम समय में शिकायत मिलने के बाद अब विभाग ने नए शैक्षणिक सत्र से स्कूलों में शिक्षकों को हेल्प बुक के बजाय किताबों से पढ़ाने के निर्देश जारी कर दिए हैं, जिससे विद्यार्थियों पर हेल्प बुक खरीदने का अतिरिक्त बोझ न पड़े। साथ ही उन्हें गुणात्मक शिक्षा मिल सके।
उच्च शिक्षा उपनिदेशक विकास महाजन ने बताया कि इसके बारे में स्कूलों को आदेश दे दिए गए हैं। विभागीय टीम निरीक्षण भी करेगी और स्कूलों में हेल्प बुक पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।