चंबा। महात्मा गांधी की जयंती पर शहर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाए, लेकिन मुगला स्थित शनिदेव मंदिर के समीप यह अभियान अपने उद्देश्य से भटक गया। यहां सफाई करने के बाद कूड़े को आग के हवाले कर दिया, जिससे पर्यावरण प्रदूषित हुआ और सफाई अभियान का संदेश धुआं बनकर उड़ गया।
हैरानी की बात यह रही कि नगर परिषद को भी इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी कि यह अभियान किसने चलाया। वायरल वीडियो और तस्वीरों में साफ दिख रहा है कि सफाई के बाद कूड़ा जलाया गया। यह घटना साफ-साफ दिखाती है कि स्वच्छता का संदेश केवल दिखावे तक सीमित रह गया।
अब नगर परिषद कार्यालय में इस मामले को लेकर शिकायतें आ रही हैं। हालांकि नगर परिषद की ओर से लोगों को आश्वस्त किया जा रहा है कि इस मामले में उचित कदम उठाए जाएंगे। कुल मिलाकर एक तरफ सफाई अभियान के बाद कूड़े को आग के हवाले करना जागरूकता अभियानों को ठेंगा दिखा रहा है। उधर, इस बारे में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के समन्वयक मनीष शर्मा का कहना है कि इस मामले में लोगों ने शिकायतें की हैं। हालांकि यहां सफाई अभियान किसने चलाया, इसकी जांच की जा रही है। सच्चाई सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।