परिजनों के साथ क्षतिग्रस्त घर की छत पर खड़ा सांलवा निवासी अमरु राम।
- फोटो : Chamba
सलूणी (चंबा)। मंगलवार सुबह साढ़े 9 बजे किनोड़ा निवासी अमरू राम पुत्र धारो राम की रसोईघर की छत गिर गई। इस दौरान रसोईघर में झाडू लगा रही उनकी पोती रीना ने वहां से भागकर जान बचाई। जबकि, परिवार के सदस्य आंगन में बैठकर धूप सेंक रहे थे। सूचना मिलने पर पंचायत प्रधान ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर नायब तहसीलदार को घटना की सूचना दी। नायब तहसीलदार ने नुकसान का जायजा लेने के लिए पटवारी को मौके पर भेजा है।
जानकारी के अनुसार सालवां ग्राम पंचायत के गांव किनोड़ा निवासी अमरू राम पुत्र धारो राम अपने परिवार के साथ रहता है। मंगलवार की सुबह खिली धूप सेंकने के लिए परिवार के सदस्य आंगन में बैठे हुए थे। इस दौरान उनकी पोती रसोईघर में झाडू लगाने गई। अचानक जोरदार आवाज के साथ रसोईघर की छत गिर पड़ी।
आवाज सुनकर पोती ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलने पर पंचायत प्रधान वंदना देवी ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर प्रशासन से प्रभावित परिवार की हरसंभव सहायता करने की मांग उठाई है। नायब तहसीलदार कर्म सिंह ने कहा कि पटवारी की रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में कुछ कहा जा सकता है। बीडीओ सलूणी निशी महाजन ने बताया कि जल्द परिवार का नाम मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत डाला जाएगा।