खज्जियार (चंबा)। साच-पंजियारा-फतेहपुर मार्ग पर डेढ़ माह से वाहनों की आवाजाही बंद है। लोगों को पैदल ही यात्रा करनी पड़ रही है। भारी बारिश के कारण भूस्खलन से यह मार्ग अवरुद्ध हुआ था, जिसे अभी तक यातायात के लिए बहाल नहीं किया जा सका है। इसकी वजह से ग्राम पंचायत खज्जियार और साच सहित आसपास की पंचायतों के लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। पंजियारा गांव के लोगों की सड़क खज्जियार की तरफ से भी बंद पड़ी है। साच की तरफ से आने वाली सड़क भी डेढ़ माह से बंद है, जिसे बहाल करवाने के लिए विभाग गंभीरता नहीं दिखा रहा है।
ग्रामीण महिंद्र, राकेश, मनोज, सूरज, सुमन, अनिल, सतपाल, विवेक और जर्म सिंह ने बताया कि सरकार ने लोगों के लिए सड़क तो बना दी है, लेकिन इस सड़क का लाभ लोगों को मिल नहीं रहा है। बरसात का मौसम अब खत्म हो चुका है, लेकिन अभी तक मार्ग पर वाहनों की आवाजाही शुरू नहीं हो पाई है। जिन नेताओं ने इसके शिलान्यास व निर्माण को लेकर वाहवाही लूटी। वे भी अब चुपचाप बैठे हैं। उन्होंने विभाग से मांग की है कि मार्ग को जल्द वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल करवाया जाए। उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दिनेश कुमार ने बताया कि बंद पड़े मार्ग को शीघ्र बहाल करवाया जाएगा।