लनौट में मकान में आए मलबे को हटाने के लिए लगे परिजन:
सलूणी (चंबा)। विकास खंड सलूणी की पंचायत लनौट में बीते बुधवार को हुई भारी बारिश के बाद हुए नुकसान का राजस्व विभाग ने मौके पर पहुंचकर आकलन कर लिया है। पटवारी विपिन कुमार ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की। इसे तहसीलदार को सौंप दिया है।
भारी बारिश के कारण लनौट निवासी नारद के मकान में मलबा घुस गया था। इससे मकान के छह कमरे क्षतिग्रस्त हो गए। बारिश के बाद घर की स्थिति काफी खराब हो गई। वीरवार को राजस्व विभाग की टीम पहुंची और पूरे नुकसान आकलन किया। आंशिक रूप से प्रभावित हिस्सों का भी सर्वे किया। पटवारी विपिन कुमार ने बताया कि प्रभावित मकान का मौका निरीक्षण कर रिपोर्ट तहसीलदार को भेज दी गई है। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों को आंशिक नुकसान हुआ है, उनका भी अलग से आकलन किया गया है और उसकी रिपोर्ट भी तैयार कर दी गई है। संवाद