चंबा में बारिश से बंद पड़ा भरमौर एनएच।संवाद
सड़क के दोनों तरफ लगीं वाहनों की कतारें, यात्रियों को पेश आई परेशानी
बरसात के दौरान एनएच पर जेसीबी मशीनें तैनात रखने की लोगों ने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
भरमौर (चंबा)। राष्ट्रीय राजमार्ग दिनका घार में भूस्खलन होने से दो घंटे तक यातायात के लिए अवरुद्ध रहा। वीरवार सुबह 8 बजे अचानक पहाड़ी से मलबा सड़क पर आ गिरा। इससे वाहनों की आवाजाही बंद हो गई। गनीमत यह रही कि कोई वाहन या राहगीर चपेट में नहीं आया। सड़क बंद होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें खड़ी हो गई।
वाहन चालक जीवन सिंह, राजीव, केवल, अमित, दीपक, सोभिया राम और नरेंद्र ने बताया कि दिनका घार बंद होने से उन्हें दो घंटे सड़क पर इंतजार करना पड़ा। वाहनों में सवार अन्य लोग भी परेशान हुए। जब एनएच की मशीनें सड़क को बहाल करने के लिए पहुंचीं तो लोगों ने राहत की सांस ली। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद एनएच वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल हुआ। मणिमहेश यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालु भी वहां फंसे हुए नजर आए। उन्होंने प्रशासन व एनएच प्राधिकरण से मांग की है कि बरसात में एनएच को सुचारू रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर जेसीबी मशीनें तैनात की जाएं। एनएचएआई के कार्यकारी अधिशासी अभियंता जोगिंद्र शर्मा ने बताया कि दिनका घार में एनएच बंद हुआ था जिसे बहाल करवा दिया गया है।