भरमौर (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र भरमौर के रूटों पर खटारा बसें चलाने से लोगों को परेशानी बढ़ गई है। अधिकतर रूटों पर जाने वाली सरकारी बसें बीच रास्ते में खराब हो रही हैं। खासतौर पर भरमौर से चौबिया रूट पर चलने वाली बस हर दूसरे दिन खराब हो रही है। वीरवार को जो बस भरमौर से चौबिया के लिए निकली थी वह चौबिया में खराब हो गई।
उसकी जगह निगम प्रबंधन ने दूसरी बस की व्यवस्था नहीं की। इसके चलते शुक्रवार को सुबह 8:00 बजे चौबिया से भरमौर के लिए कोई बस नहीं गई जबकि रास्ते में सवारियां बस का इंतजार करती रहीं। दोपहर 1:30 बजे यह बस भरमौर से चौबिया के लिए जाती थी लेकिन शुक्रवार को बस खराब होने की वजह से चौबिया नहीं भेजी जा सकी। बस अड्डे में करीब 50 सवारियां बस का इंतजार करती रहीं। कांग्रेस जनजातीय विभाग के प्रदेश महासचिव जगदीश चौहान ने बताया कि रोजाना रूटों पर बसें खराब हो रही हैं। इससे लोग रोजाना परेशान हो रहे हैं। भविष्य में यदि खटारा बसों की वजह से कोई भी दुर्घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी पूर्ण रूप से परिवहन निगम की होगी। कहा कि इस बिषय को लेकर जब उन्होंने अड्डा इंचार्ज से दूरभाष पर बात की तो उन्हें बताया गया कि यहां निगम का कोई डिपो नहीं है। बस रास्ते में खराब पड़ी है। इसको लेकर जिला मुख्यालय में प्रबंधन अधिकारी को बताया जा चुका है। उन्होंने कहा कि निगम ने बसों की स्थिति में सुधार नहीं किया तो इस मामले को लेकर उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री से बात की जाएगी। क्षेत्रीय प्रबंधक शुगल कुमार ने बताया कि जल्द समस्या का समाधान किया जाएगा।